ग्रेटर नोएडा पश्चिम , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा पश्चिम के बिसरख गांव में गत बुधवार को सगाई समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। घायल युवक समारोह में वेटर का काम कर रहा था। उसे गंभीर हालत में नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची एवं कार्रवाई के पश्चात गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि,गत बुधवार देर रात्रि बिसरख थाना पुलिस को एक निजी अस्पताल से सूचना मिली कि 18 वर्षीय पुष्पेंद्र पुत्र संतोष,गाजियाबाद के लाल कुआं क्षेत्र देव विहार कॉलोनी निवासी को हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि बिसरख थाना क्षेत्र के निवासी अंकित भाटी पुत्र प्रमोद कुमार, के घर सगाई समारोह चल रहा था। इसी दौरान फायरिंग की गई, जिसमें वहां वेटर का कार्य कर रहे पुष्पेंद्र को गोली लग गई और वह घायल हो गया,जिसे वहां मौजूद अन्य लोगों द्वारा तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित