ग्रेटर नोएडा , जनवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राम मुतेयना से ग्राम बाग मडैया को जाने वाले खड़ंजे पर स्थित नाले में एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ। मृतका की उम्र करीब 22 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गुरुवार को शव मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शव पर कोई स्पष्ट बाहरी चोट के निशान नहीं बताए गए हैं, हालांकि कुछ स्थानीय सूत्रों के अनुसार युवती के गले पर चोट के निशान होने की आशंका जताई जा रही है।

मृतका के कपड़ों से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि वह किसी सिक्योरिटी एजेंसी में कार्यरत हो सकती थी। फिलहाल युवती की शिनाख्त नहीं हो पाई है और पुलिस पहचान कराने के प्रयास कर रही है।

उल्लेखनीय है कि नोएडा में हाल ही में हुए युवराज मेहता की सड़क हादसे में मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि इस घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित