ग्रेटर नोएडा , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा बिसरख थाना पुलिस ने बहुराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सीपीयू, एक मॉनिटर, एक की-बोर्ड, एक माउस, विभिन्न कंपनियों के छह फर्जी जॉब ऑफर लेटर, तीन मोबाइल फोन और सात हजार छह सौ रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस ने शुक्रवार को गिरोह के गिरफ्तारी की जानकारी दी और कहा कि इस मामले में गत गुरुवार को एक पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता अंतर्गत बिसरख थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीम का गठन किया गया। इस कार्रवाई के तहत आज गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इटेड़ा गोल चक्कर के पास सर्विस रोड से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं का डेटा ऑनलाइन पोर्टल माय वर्क डे जॉब्स डॉट कॉम से प्राप्त करते थे। इसके बाद उनसे संपर्क कर नामी बहुराष्ट्रीय कंपनियों में अच्छे पैकेज पर नौकरी दिलाने का झांसा देते थे।

आरोपी नौकरी का सालाना पैकेज बताकर उसका पंद्रह से बीस प्रतिशत तक हिस्सा मांगते थे। टोकन मनी के रूप में वे चालीस हजार से साठ हजार रुपये तक एडवांस में लेते थे। इसके बाद मेल होस्टिंगर डॉट कॉम और गूगल अकाउंट प्लेटफॉर्म पर बड़ी कंपनियों जैसी फर्जी ईमेल आईडी बनाकर ऑफर लेटर तैयार करते थे और उम्मीदवारों को भेज देते थे।

ऑफर लेटर में कंपनी का लोगो और जॉइनिंग डेट भी अंकित की जाती थी, जिससे उम्मीदवारों को भरोसा हो जाता था। इसके बाद आरोपी बाकी रकम भी अपने खातों में ट्रांसफर करा लेते थे।

जब उम्मीदवार संबंधित कंपनी में नौकरी की पुष्टि करने पहुंचते थे, तब आरोपी दस्तावेजों में त्रुटि या तकनीकी कारणों का बहाना बनाकर जॉइनिंग टाल देते थे और कभी-कभी दूसरी कंपनी का नया ऑफर लेटर भेजकर उन्हें फिर से गुमराह करते थे।

आरोपियों ने बताया कि वे मोबाइल फोन के माध्यम से पीड़ितों से बातचीत करते थे और फोनपे, पेटीएम और गूगल पे के जरिए पैसे मंगवाते थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह अब तक लाखों रुपये की ठगी कर चुका है।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 34 वर्षीय विकास डाबर हरियाणा हिसार,उकलाना मंडी,निवासी वर्तमान पता आम्रपाली गोल्फ होम्स, गौर सिटी-2, बिसरख,28 वर्षीय अरुण कुमार औरैया निवासी वर्तमान पता नोएडा सेक्टर-45, वैभव कुमार 23 वर्षीय बुलंदशहर निवासी वर्तमान पता खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों और अन्य लेन-देन की जांच कर रही है, ताकि ठगी की कुल रकम और अन्य संभावित पीड़ितों का पता लगाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित