ग्रेटर नोएडा , जनवरी 19 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा बीटा दो थाना पुलिस ने फर्जी हॉलमार्क लगी ज्वैलरी के जरिए ज्वैलर्स से धोखाधड़ी करने वाले एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु के चार बैंगल, जिन पर फर्जी हॉलमार्क गुदे हुए थे, एक लाख 32 हजार 230 रुपए नकद और बिना नंबर प्लेट की टाटा सेरा कार बरामद की है।

पुलिस ने गिरफ्तार गिरोह की जानकारी सोमवार को देते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा बीटा दो क्षेत्र के गामा दो ग्रीन बेल्ट से पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट, सोसाइटी में रह रहे एक व्यक्ति और सेक्टर जीटा एक में रहने वाली एक महिला को डिजाइनआर्च सोसाइटी, सूरजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी आपराधिक मानसिकता के हैं और फर्जी ज्वैलरी पर नकली हॉलमार्क गुदवाकर ज्वैलर्स को असली सोने की ज्वैलरी के बदले नकली ज्वैलरी थमा देते थे।

पुलिस ने बताया कि करीब तीन माह पूर्व आरोपियों ने जगत फार्म मार्केट स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान पर फर्जी हॉलमार्क ज्वैलरी ले जाकर पहले खरीदारी की और फिर दूसरी ज्वैलरी खरीदने के बहाने धोखाधड़ी करते हुए असली ज्वैलरी के बदले नकली ज्वैलरी वापस कर दी थी। इस मामले में बीटा दो थाने पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह ने अन्य किन-किन ज्वैलर्स को अपना शिकार बनाया है। पुलिस द्वारा गौतमबुद्धनगर के सभी ज्वैलर्स दुकानदारों से अपील की है कि हॉलमार्क ज्वैलरी की जांच-पड़ताल पूरी सतर्कता के साथ करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित