ग्रेटर नोएडा , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र अंतर्गत सलेमपुर गुर्जर गांव में शनिवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस दुस्साहसिक वारदात में किसी को गोली नहीं लगी और कोई हताहत नहीं हुआ। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब पुलिस के कब्जे में है।
पुलिस ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया, पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सलेमपुर गुर्जर में एक युवक ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति के घर पर फायरिंग की है। सूचना मिलते ही थाना कासना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़ित के बेटे और गांव के ही एक व्यक्ति के साले के बीच कुछ दिन पूर्व किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। हालांकि, घटना के समय घर के अंदर मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित