ग्रेटर नोएडा , मार्च 06 -- गर्मियां शुरू होते ही आग लगने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला परिक्षेत्र के ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बीच सड़क पर चलती रोडवेज बस अचानक आग के गोले में तब्दील हो गयी। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी पुलिस द्वारा शुक्रवार को दी गई। बस में आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी से आग बुझायी गयी। बीटा दो थाना क्षेत्र के अंतर्गत होंडा चौक के पास रोडवेज बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बस के इंजन के अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के समय बस में चालक के अलावा कोई यात्री मौजूद नहीं था। आग लगते ही चालक ने तुरंत बस रोककर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद लोगों ने भी तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने से बस का अगला हिस्सा आंशिक रूप से जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित