ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 28 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर क्षेत्र ग्रेटर नोएडा सूरजपुर थाना क्षेत्र में इंडियन गैस लिमिटेड (आईजीएल) की गैस पाइपलाइन में गैस लीकेज के कारण आग लगने की घटना सामने आई। यह जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए मंगलवार को बताया, सूरजपुर थाना क्षेत्र में आईजीएल गैस पाइपलाइन में गैस लीकेज के कारण आग लगने की सूचना प्राप्त हुई, जहां आईजीएल की गैस पाइपलाइन में अचानक गैस लीक होने के कारण आग भड़क उठी। आग की लपटें आस-पास के इलाके तक फैल गईं, लेकिन फायर यूनिट के कर्मचारियों द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई, जिससे आग को बुझा लिया गया और आसपास के क्षेत्रों में खतरे की स्थिति को रोका जा सका।

आईजीएल ने आग लगने की सूचना मिलने के बाद तुरंत अपनी टीम को घटनास्थल पर भेजा और गैस लीकेज के कारण को ठीक करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। कंपनी के अधिकारीयों ने स्पष्ट किया है कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और अब स्थिति पूरी तरह से नियंत्रित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित