ग्रेटर नोएडा , फरवरी 21 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा बादलपुर थाना क्षेत्र के बिश्नुली छपरौला स्थित एक गत्ता फैक्ट्री में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में फैक्ट्री परिसर धुएं के गुबार से भर गया।

जानकारी देते हुए शनिवार को अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश अग्निशमन सेवा की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए आठ से दस दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में गत्ते से पेपर रोल और कूलर से संबंधित सामान बनाया जाता था। परिसर में ज्वलनशील सामग्री अधिक मात्रा में होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका बनी हुई थी। समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

अग्निशमन अधिकारियों के अनुसार आग बुझाने के बाद भी एहतियात के तौर पर कूलिंग का कार्य लगातार जारी है, ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन द्वारा फैक्ट्री प्रबंधन से सुरक्षा मानकों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित