ग्रेटर नोएडा , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय में मंगलवार को किसान एकता महासंघ संगठन के किसानों और कार्यकर्ताओं ने अपनी मुख्य मांगो को लेकर सौंपा ज्ञापन।

किसान संगठन के अध्यक्ष द्वारा प्रदर्शन स्थल से कहा गया कि,किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर मंगलवार को किसान एकता महासंघ के कार्यकर्ताओं ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन ने सात सूत्रीय मांग पत्र प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार को मुख्य कार्यपालक अधिकारी के नाम सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक और राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा किया गया।

संगठन के जिला अध्यक्ष ने कहा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा वर्षों पहले किसानों की भूमि अधिग्रहित की गई, लेकिन आज तक किसानों की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण के अधिकारी लगातार किसानों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे किसानों में भारी रोष है।

ज्ञापन में मांग की गई कि बादलपुर, बिसनूली, बिसरख, सुनपुरा, बिरोडा, बैदपुरा, रिठौड़ी, सिरसा सहित दर्जनों गांवों में पात्र किसानों को अब तक लंबित छह प्रतिशत आवासीय भूखंड शीघ्र आवंटित किए जाएं। साथ ही बिना आबादी सर्वे और नक्शे के ग्रामीण आबादी में लगाए गए आवासीय भूखंडों को हटाकर अन्य स्थान पर निस्तारित करने की मांग की गई।

संगठन ने खेतीहर मजदूरों और भूमिहीन किसानों को सौ वर्गमीटर के आवासीय भूखंड देने, पुरानी आबादियों का निस्तारण प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के तहत सैटेलाइट सर्वे के आधार पर करने तथा लीज बैंक से संबंधित मामलों का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई।

इसके अलावा ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में स्थापित कंपनियों में स्थानीय किसानों के बच्चों को योग्यता के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने, शिक्षण संस्थानों में किसानों के बच्चों के लिए आरक्षण कोटा सुनिश्चित करने और सभी गांवों में बारात घर, खेल मैदान, मिनी स्टेडियम व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल का सौंपी गई।

किसान एकता महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सभी मांगों पर वार्ता कर समाधान नहीं किया गया, तो संगठन को बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित