ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 03 -- उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा बिसरख थाना क्षेत्र स्थित हिमालय प्राइड सोसायटी में एओए (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) को हैंडओवर की प्रक्रिया के दौरान शुक्रवार को जमकर हंगामा हो गया। सोसायटी के रेजिडेंट्स और बिल्डर के बीच तीखी बहस के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके चलते बड़ी संख्या में निवासी सोसायटी के मुख्य गेट पर इकट्ठा हो गए।

सोसायटी के हैंडओवर को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रेजिडेंट्स का आरोप है कि बिल्डर ने कई जरूरी सुविधाएं और वादे अब तक पूरे नहीं किए हैं, जिसके बावजूद एओए को हैंडओवर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इसी बात को लेकर शुक्रवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और बहस ने हंगामे का रूप ले लिया।

हंगामे की सूचना मिलते ही बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों के बीच बहस जारी रही। रेजिडेंट्स ने बिल्डर के खिलाफ नाराजगी जताते हुए पहले सभी बुनियादी सुविधाएं पूरी करने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित