बीकानेर , फरवरी 13 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार ब्यूरो (एसीबी) ने ग्राम पंचायत कनिष्ठ सहायक के पांच ठिकानों पर दबिश देकर करोड़ों रुपये की अवैध सम्पत्ति का खुलासा किया है।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि ब्यूरो के जयपुर मुख्यालय को गोपनीय शिकायत मिली कि शुभकरण परिहार (छींपा) कनिष्ठ सहायक ग्राम पंचायत कानासर हाल उदट पंचायत समिति बाप, जिला फलोदी ने पद पर रहते हुए भ्रष्ट तरीकों से भारी मात्रा में अवैध सम्पति अर्जित की है, जिसकी अनुमानित कीमत करोड़ों रूपये है।

उन्होंने बताया कि इस पर ब्यूरो के अलग दलों ने शुभकरण परिहार के बीकानेर शहर में तीन स्थानों जयनारायण व्यॉस कॉलोनी, वैष्णोधाम के सामने मातेश्वरी एन्कलेव, जयपुर रोड़ बीकानेर, बागीनाडा छींपों का मोहल्ला गंगाशहर, बीकानेर एवं गांव पुनरासर के साथ ही आरोपी के पदस्थापन ग्राम पंचायत कानासर, पंचायत समिति बाप, जिला फलोदी में आज तड़के दबिश दी गयी।

उन्होंने बताया कि उक्त सम्पत्ति का गोपनीय रूप से सत्यापन किया गया तो आरोपी की वैध आय का 938 प्रतिशत अधिक अवैध परिसम्पतियां अर्जित करने के तथ्य मिले। इस पर उसके खिलाफ दर्ज करवाया गया। उन्होंने बताया कि अब तक की जांच में उसके मातेश्वरी इन्कलेव कॉलोनी, वैष्णोधाम के सामने स्थित मकान से करीब 75 लाख रूपये नकद मिले।

इसके साथ ही इसी मकान और बागीनाडा छींपों का मोहल्ला गंगाशहर, बीकानेर से एक किलो से अधिक सोना और करीब दो किलो चांदी मिलने की पुष्टि हुई है। तीन आलीशान मकान बीकानेर शहर में, एक आलीशान मकान पुनरासर गांव में और करीब 17 हैक्टर कृषि भूमि के दस्तावेज बरामद हुए हैं। श्री गुप्त ने बताया कि ब्यूरो की कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित