पटना , दिसंबर 18 -- रोजमर्रा की जिन्दगी में बढ़ते डिजिटल प्रयोग दौर में बिहार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित एप्लिकेशन 'सभासार' के प्रयोग में देश में पांचवां स्थान हासिल किया है।

भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम पंचायतों में एआई आधारित एप्लिकेशन 'सभासार' को अपनाने वाले राज्यों में बिहार देश में पांचवें स्थान पर है। रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम पंचायतों में 'सभासार' को अपनाने वाले देश के शीर्ष पांच राज्य तमिलनाडु, ओडिशा, त्रिपुरा, छत्तीसगढ़ और बिहार हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, केंद्र सरकार ने 14 अगस्त को एआई आधारित 'सभासार' एप्लिकेशन लॉन्च किया था, जिसके बाद बिहार की 5,988 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा और पंचायत बैठकों के दौरान इसका उपयोग शुरू किया गया।

'सभासार' के उपयोग से ग्राम सभाओं की दस्तावेजीकरण प्रक्रिया में पूरी तरह बदलाव आया है। तेरह भारतीय भाषाओं में उपलब्ध यह एप्लिकेशन ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग को स्वतः लिखित रूप में बदल देता है और अनुवाद की सुविधा प्रदान करता है। यह एआई टूल बैठकों का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार करने में भी मदद करता है। इस एप्लिकेशन के माध्यम से पंचायतों में पारदर्शिता को मजबूत किया जा रहा है और व्यवस्था का आधुनिकीकरण हो रहा है।

रिपोर्ट के अध्ययन से पता चलता है कि राज्य की 74.36 प्रतिशत ग्राम पंचायतों ने 'सभासार' को अपनाया है, जिससे जाहिर होता है कि बिहार की ग्राम-स्तरीय संस्थाएँ एआई तकनीक के उपयोग के माध्यम से नीति निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और तकनीक के जरिए अपने कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत सरकार का पंचायती राज मंत्रालय और बिहार का पंचायती राज विभाग ग्राम पंचायतों के बीच 'सभासार' को अपनाने और इसके प्रभावी उपयोग के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित