बडलियास क्षेत्र में बनास नदी किनारे रास्ते को लेकर संघर्ष छह लोग घायलभीलवाड़ा , दिसम्बर 29 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बडलियास थाना क्षेत्र में सोपुरा गांव के पास बनास नदी क्षेत्र में रास्ते को लेकर हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया, जिससे बजरी लीज धारकों के छह लोग घायल हो गये।

सूत्रों ने सोमवार को बताया कि बनास नदी क्षेत्र में चल रही लीज को लेकर ग्रामीणों की ओर से विरोध किया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते के उपयोग को लेकर लीज धारकों और ग्रामीणों के बीच कहासुनी हो गयी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये और मारपीट शुरू हो गयी।

सूत्रों के अनुसार देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गयी और खूनी संघर्ष की नौबत आ गयी। इस दौरान ग्रामीणों की ओर से लीज धारकों पर हमला किया गया, जिसमें लीज से जुड़े छह लोग घायल हो गये।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्षेत्र में फिलहाल तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित