रायगढ़ , दिसंबर 28 -- छत्तीसगढ में रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लिबरा स्थित सीएचपी चौक में शनिवार को हुई बेकाबू स्थिति के बाद धरना दे रहे ग्रामीणों की उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस हिंसक झड़प में एसडीओपी अनिल विश्वकर्मा, थाना प्रभारी तमनार कमला पुसाम सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। महिला आरक्षकों समेत अनेक जवानों को चोटें आई हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार आठ दिसंबर को भौराभाठा में आयोजित जनसुनवाई के विरोध में सेक्टर-1 कोल ब्लॉक से प्रभावित 14 गांवों के ग्रामीण 12 दिसंबर 2025 से धरने पर बैठे थे। कल सुबह करीब नौ बजे सीएचपी चौक पर लगभग 300 लोग मौजूद थे, जिनमें से कुछ ने सड़क पर बैठकर सामान्य आवागमन बाधित कर दिया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 10 बजे एसडीएम, एसडीओपी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा समझाइश दी गई, जिसके बाद लोगों को धरना स्थल पर बने टेंट में वापस भेजा गया।
हालांकि दिन भर भीड़ बार-बार उग्र होती रही और आसपास के गांवों से लोग जुटते गए। दोपहर तक भीड़ की संख्या लगभग 1000 के करीब पहुंच गई। प्रशासन द्वारा लाउडस्पीकर से बार-बार शांतिपूर्वक प्रदर्शन की अपील की जाती रही, लेकिन दोपहर करीब ढाई बजे भीड़ अचानक बेकाबू हो गई।
उपद्रवियों ने बैरियर तोड़ते हुए पत्थर और डंडों से पुलिस पर हमला कर दिया। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
उपद्रवी भीड़ ने मौके पर खड़ी पुलिस बस, जीप और एंबुलेंस में आग लगा दी, साथ ही कई शासकीय वाहनों को क्षतिग्रस्त किया। इसके बाद भीड़ जिंदल के कोल हैंडलिंग प्लांट (CHP) की ओर बढ़ी और प्लांट परिसर में घुसकर कन्वेयर बेल्ट, दो ट्रैक्टर सहित अन्य वाहनों को आग के हवाले कर दिया। कार्यालय में भी तोड़फोड़ की गई।
स्थिति को शांत कराने विधायक लैलूंगा विद्यावती सिदार, कलेक्टर रायगढ़ मयंक चतुर्वेदी और पुलिस अधीक्षक रायगढ़ के मौके पर पहुंचने के बावजूद भीड़ और अधिक उग्र हो गई और पथराव किया। इसके बाद उपद्रवियों ने पुनः सीएचपी प्लांट के भीतर आगजनी की घटना को अंजाम दिया।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने आज घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने लगातार संवाद और समझाइश का प्रयास किया, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा हिंसा और आगजनी की गई। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित