नोएडा , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-113 थाना पुलिस ने ऑनलाइन डेटिंग ऐप के माध्यम से लोगों को फंसाकर लूटपाट और धोखाधड़ी करने वाले एक संगठित गैंग का भंडाफोड़ करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीस हजार नकद, चार मोबाइल फोन, एक बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार, पीली धातु की एक चेन और दो फर्जी कार नंबर प्लेट बरामद की हैं।

पुलिस द्वारा सोमवार को गैंग का खुलासा कर जानकारी दी गई, उन्होंने बताया कि,आरोपी ग्राइंडर (गे डेटिंग ऐप) के जरिए पहले लोगों से संपर्क स्थापित करते थे और उनसे दोस्ती बढ़ाते थे। इसके बाद किसी सुनसान या तय स्थान पर मिलने के लिए बुलाते थे। मुलाकात के दौरान आरोपी पीड़ित को अपनी बलेनो कार में बैठाकर उसे डराते-धमकाते थे और फिर जबरन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराकर पैसे अपने खातों में ट्रांसफर करा लेते थे। कई मामलों में पीड़ितों के साथ लूटपाट भी की जाती थी।

सोमवार को नोएडा सेक्टर-113 थाना पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए नोएडा सेक्टर-76 से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह गैंग लंबे समय से सक्रिय था और कई वारदातों को अंजाम दे चुका था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित