भोपाल, 22 अक्टूबर 2025 (वार्ता) मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि समाज और सरकार के सहयोग से प्रदेश की गौ-शालाओं को गौ-मंदिर के रूप में विकसित किया जाएगा। गौ-शालाओं में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और उनका स्वावलंबन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को समर्थन मूल्य के अतिरिक्त अतिरिक्त राशि भी प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को इंदौर जिले के हातोद तहसील के खजूरिया स्थित रेशम केन्द्र गौशाला में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा निर्णय लिया गया है कि गौ-शालाओं का संचालन नगरीय निकायों द्वारा सुव्यवस्थित रूप से किया जाएगा। खुले में विचरण करने वाली निराश्रित गायों को गौ-शालाओं में सुरक्षित रखा जाएगा और उनकी बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय का दूध अमृत है और इसमें अधिक पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसका सेवन स्वास्थ्यवर्धक है। गौ-माता अपने बछड़े के पालन के साथ मानव जाति का भी पोषण करती है। उन्होंने परंपरागत रूप से घरों में पहली रोटी गाय के लिए बनाई जाने की प्रथा का स्मरण किया।

कार्यक्रम में बालिका महक शर्मा को गोवर्धन पर्वत की सजावट के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें 5,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई और 11,000 रुपये देने की घोषणा भी की गई। मुख्यमंत्री ने गौ-शाला में बने अखाड़े का अवलोकन किया और पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।

नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि गौ-शालाओं के विकास में जनप्रतिनिधियों का सहयोग आवश्यक है। जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि मुख्यमंत्री ने गाय के पोषण के लिए दी जाने वाली राशि दोगुनी कर दी है। महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने गौ-शाला में 630 से बढ़कर 2,300 गायों की संख्या होने और हॉस्पिटल में आईसीयू सेंटर बनने की जानकारी दी।

स्वामी अच्युतानंद जी महाराज ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के विभिन्न गौ-शालाओं में जनभागीदारी के माध्यम से हजारों गायों का पालन हो रहा है। रेशम केन्द्र गौ-शाला में प्रतिदिन 100 से 150 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने गोबर से निर्मित स्वदेशी दीयों का अवलोकन किया और इसे पर्यावरण संरक्षण एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए सराहनीय बताया। दीपावली पर लगभग दो लाख दीयों का विक्रय हुआ।

कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर सहित अन्य गणमान्य अधिकारी और धर्मगुरु उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित