बैतूल , फरवरी 8 -- मध्यप्रदेश में थाना बैतूल बाजार पुलिस ने अवैध रूप से गौवंशों का क्रूरतापूर्वक परिवहन कर महाराष्ट्र के कत्लखानों की ओर ले जा रहे तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार रात पांच वाहन जब्त कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में की गई।

पुलिस को 7 फरवरी को सूचना मिली थी कि कोलगांव रोड एवं अयोध्या लॉन के पास आठनेर रोड बडोरा क्षेत्र में कुछ लोग पिकअप और ट्रक वाहनों में गौवंशों को ठूंस-ठूंसकर भरकर महाराष्ट्र ले जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांचों वाहनों को पकड़ लिया। जांच के दौरान आरोपियों के पास गौवंश परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।

कार्रवाई के दौरान कुल 12 गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया गया, जिन्हें सुरक्षार्थ त्रिवेणी गोशाला में रखा गया है। पुलिस ने लगभग 11 लाख 40 हजार रुपये मूल्य के पांच वाहन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के निवासी शामिल हैं, जो लंबे समय से इस अवैध गतिविधि में संलिप्त बताए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित