गुवाहाटी , फरवरी 08 -- असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबोर्न गोगोई का भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के साथ करीबी रिश्ता है।
श्री सरमा ने रविवार को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि असम पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) के पास ऐसे ठोस सबूत हैं जो शेख, श्रीमती एलिजाबेथ और कांग्रेस सांसद के बीच संबंधों को साबित करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रीमती एलिजाबेथ पहले पाकिस्तान में अली तौकीर शेख के नेतृत्व वाले 'लीड पाकिस्तान' संगठन में शामिल हुईं और 2011 में उन्हें 'लीड इंडिया' में काम करने के लिए भारत भेजा गया, जिसे 'लीड पाकिस्तान' से राशि मिलती थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि 'लीड इंडिया' में शामिल होने से पहले श्रीमती एलिजाबेथ 2011 और 2012 के बीच तीन अलग-अलग मौकों पर अली तौकीर शेख के साथ भारत आईं और पाकिस्तान गयी थीं। उन्होंने कहा, "श्रीमती एलिजाबेथ ने 18 मार्च, 2011 और 17 मार्च, 2012 के बीच पाकिस्तान समर्थित संगठन 'लीड इंडिया' के लिए काम किया और सीधे पाकिस्तान में रहने वाले शेख को रिपोर्ट करती थीं। पांच अगस्त, 2014 को, श्रीमती एलिजाबेथ ने पाकिस्तान में शेख को 'गोपनीय' के रूप में चिह्नित 50 पन्नों की एक रिपोर्ट भेजी। रिपोर्ट की सामग्री में खुफिया ब्यूरो (आईबी) का गुप्त संचार शामिल था।" उन्होंने कहा कि यह प्रथम दृष्टया आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम, 1923 की धारा दो का उल्लंघन है।
मुख्यमंत्री ने विदेशी अंशदान नियामक प्राधिकरण (एफसीआरए ) के दिशानिर्देशों के तहत कई उल्लंघनों का भी जिक्र किया, जिस तरह से श्रीमती एलिजाबेथ को 'लीड इंडिया' के माध्यम से वेतन दिया गया था। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान में कोई भी संगठन या गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) किसी भारतीय एनजीओ को वित्तीय सहायता नहीं दे सकता क्योंकि पाकिस्तान एक दुश्मन देश है। जब हमने 'लीड इंडिया' के लोगों से पूछताछ की, तो हमें बताया गया कि श्रीमती एलिजाबेथ हालांकि 'लीड इंडिया' में कार्यरत थीं, लेकिन उनकी रिपोर्टिंग अधिकारी पाकिस्तान में अली तौकीर शेख था।" उन्होंने कहा कि श्रीमती एलिजाबेथ को भुगतान करने के लिए ही एफसीआरए के मानदंडों का उल्लंघन करते हुए 'लीड इंडिया' में राशि हस्तांतरित की गयी थी।
लोकसभा सांसद को इस मामले से जोड़ते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता भी 14 दिसंबर, 2013 को पाकिस्तान गए थे और वहां दस दिनों तक रुके थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित