लखनऊ , मार्च 12 -- ग्रेटर नोएडा में स्थापित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में बौद्ध अध्ययन के लिए एक उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर आफ एक्सीलेंस) स्थापित किया जाएगा। यह केंद्र प्राचीन ज्ञान और आधुनिक नवाचार के समन्वय को समर्पित एक दूरदर्शी संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा।

गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस. पी.गोयल की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय की शासी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय के विकास और प्रगति से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय में प्रस्तावित उत्कृष्टता केंद्र इतिहासकारों, वैज्ञानिकों, भाषा वैज्ञानिकों और आध्यात्मिक नेताओं को एक साझा मंच प्रदान करेगा। इसके माध्यम से विज्ञान और समाज के संबंधों पर आधारित शिक्षा और अनुसंधान को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा। यह केंद्र बौद्ध दर्शन और भारतीय ज्ञान परंपरा के मूल्यों को समकालीन संदर्भों से जोड़ते हुए बहुआयामी अध्ययन और शोध को बढ़ावा देगा।

बैठक में यह भी बताया गया कि इस पहल का उद्देश्य भारतीय ज्ञान प्रणाली को पुनर्जीवित करना है, ताकि तार्किक विचार, नैतिक दृष्टि और सार्वभौमिक करुणा के आधार पर वैश्विक चुनौतियों के समाधान खोजे जा सकें। यह उत्कृष्टता केंद्र शैक्षणिक और अनुसंधान गतिविधियों को सुदृढ़ करने के साथ-साथ समावेशी विकास और समग्र कल्याण पर आधारित भविष्य के निर्माण में भी योगदान देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित