गौतमबुद्धनगर , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत साइबर अपराध पुलिस लगातार सख्त और प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के अंतर्गत एक जनवरी 2023 से 27 मार्च 2026 तक साइबर ठगी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल 1692 आराेपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा शुक्रवार को यह जानकारी दी गयी। पुलिस की जांच में सामने आया कि ये साइबर अपराधी देश के विभिन्न राज्यों-पश्चिम बंगाल, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब और गुजरात में सक्रिय थे। इन सभी स्थानों पर दबिश देकर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
साइबर अपराध पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 139 करोड़ 54 लाख से अधिक रुपये की ठगी गई धनराशि को फ्रीज कराया। इसके साथ ही पीड़ितों को राहत देते हुए 28 करोड़ 37 लाख से अधिक रुपये की रकम वापस भी कराई गई, जो इस अभियान की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
जांच के दौरान जिन प्रमुख साइबर अपराधों का खुलासा हुआ, उनमें, डिजिटल अरेस्ट,ऑनलाइन निवेश फ्रॉड, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी,फर्जी कस्टमर केयर कॉल,लोन ऐप्स के जरिए ब्लैकमेलिंग जैसे कई मामले शामिल हैं।
पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए लगातार मॉनिटरिंग, डेटा विश्लेषण और त्वरित कार्रवाई की जा रही है, जिससे साइबर अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। सिर्फ कार्रवाई ही नहीं, बल्कि आम जनता को जागरूक करने के लिए भी व्यापक अभियान चलाए जा रहे हैं।सोशल मीडिया कैंपेन,जनजागरूकता कार्यक्रम,कार्यशालाएं और साइबर सुरक्षा सेमिनार के माध्यम से लोगों को ठगी के नए तरीकों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि,किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें, फर्जी लिंक पर क्लिक करने से बचें,बैंकिंग और निजी जानकारी साझा न करें,केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें। अगर किसी के साथ साइबर ठगी होती है, तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर या आधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस आयुक्तालय गौतमबुद्धनगर साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। लगातार हो रही गिरफ्तारियां और रिकवरी इस बात का संकेत हैं कि आने वाले समय में साइबर अपराधियों के लिए बचना और भी मुश्किल होगा। वहीं, आम जनता की सतर्कता ही इस लड़ाई की सबसे बड़ी ताकत साबित होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित