नोएडा , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश में बीते दिन नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में कर्मचारियों द्वारा किए गए हिंसा को लेकर सरकार ने न्यूनतम वेतन लागू करने के पश्चात एहतियातन उपद्रवियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में राज्य के गौतमबुद्धनगर जिला में कानून एवं शांति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पुलिस आयुक्त के निर्देशन और अपर पुलिस आयुक्त (कानून/व्यवस्था) के पर्यवेक्षण में बुधवार को विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च और फुट पेट्रोलिंग की गई।

पुलिस अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ इलाके में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि कानून व्यवस्था को बाधित करने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार सक्रिय और भ्रमणशील रहने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

फ्लैग मार्च के जरिए आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया गया और असामाजिक तत्वों को साफ संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की अराजकता, शांति भंग करने या अफवाह फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

फेस वन थाना क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने स्थानीय पुलिस बल और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से फुट पेट्रोलिंग की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से संवाद कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि पुलिस हर परिस्थिति में उनके साथ है।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति शांति व्यवस्था को बाधित करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित