ग्रेटर नोएडा , मार्च 18 -- उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत जिला गौतमबुद्ध नगर में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद की है।

जिला आबकारी अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गौतमबुद्धनगर और सहायक आबकारी आयुक्त प्रवर्तन मेरठ के नेतृत्व में कल रात संयुक्त टीम ने लोहारली टोल प्लाजा के पास जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी लेने पर ट्रक में थर्मोकोल की बोरियों के पीछे शराब छिपाकर परिवहन किया जा रहा था।

टीम ने ट्रक से कुल पांच सौ सत्तर पेटी अवैध शराब बरामद की। बरामद सभी शराब की बोतलों पर फॉर सेल इन पंजाब अंकित पाया गया, जिससे स्पष्ट है कि इसे अवैध रूप से दूसरे राज्य से लाकर उत्तर प्रदेश में खपाने की तैयारी थी।

कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। इस मामले में दादरी थाना में ट्रक मालिक और फरार चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित