ग्रेटर नोएडा , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला अदालत परिसर में शनिवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अजित कुमार ने राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन किया और बाद में उपभोक्ता फोरम के नए प्रवेश द्वार का भी लोकार्पण किया।

इस अवसर पर आज न्यायमूर्ति कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य लोगों को त्वरित और सुलभ न्याय उपलब्ध कराना है। लोक अदालतों के माध्यम से लंबित मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण किया जाता है, जिससे न्यायालयों पर लंबित मामलों का बोझ भी कम होता है और पक्षकारों को शीघ्र न्याय मिल पाता है।

कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ता फोरम में बनाए गये नए गेट का भी उद्घाटन किया गया। यह गेट अधिवक्ताओं और वादकारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुये बनाया गया है। बताया गया कि न्यायाधीश गौतमबुद्धनगर अतुल श्रीवास्तव और न्यायमूर्ति कुमार के प्रयासों से रिकॉर्ड समय में इलाहाबाद उच्च न्यायालय से इस गेट को खोलने की अनुमति प्राप्त की गयी।

नए गेट के खुलने से अब हजारों अधिवक्ताओं को उपभोक्ता फोरम में अपने मुकदमों की पैरवी के लिए आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी। इससे न्यायालय परिसर में आवागमन भी सुगम होगा और अधिवक्ताओं का समय भी बचेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित