नोएडा , जनवरी 23 -- उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिला में शुक्रवार को शिव नादर स्कूल सहित लगभग 20 स्कूलों को बम से उड़ाने धमकी मिली है। यह धमकी स्कूलों को ई-मेल के जरिये मिली जिससे स्कूलों में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इनमें एक विदेशी ई-मेल भी शामिल बताया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गौतमबुद्धनगर के नोएडा, ग्रेटर नोएडा के तीन जोन की पुलिस ने तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करते हुए सभी संबंधित स्कूलों और आसपास के इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया।

शुक्रवार के दिन विद्यालयों को प्राप्त बम के धमकी की सूचना पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जानकारी दी गई,उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देशन एवं अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के पर्यवेक्षण में स्थानीय पुलिस बल, बॉम्ब स्क्वाड, फायर ब्रिगेड, खोजी स्वान, एएस चेक टीम और बीडीडीएस टीम को मौके पर तैनात किया गया। जांच के दौरान किसी भी स्कूल परिसर या आसपास के क्षेत्र में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।

सभी स्थानों पर स्थिति पूरी तरह सामान्य पाई गई है। सुरक्षा मानकों और तय प्रोटोकॉल का पालन करते हुए स्कूलों में कक्षाएं सामान्य रूप से संचालित की जा रही हैं।

वहीं, धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच और स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम को लगाया गया है। इस संबंध में साइबर पुलिस थाने में धारा 353/351(3)/351(4) भारतीय न्याय संहिता एवं सूचना प्राैद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस मामले की हर कड़ी की गंभीरता से जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित