रांची , दिसम्बर 08 -- गोवा नाइट क्लब में सिलेंडर विस्फोट के बाद आगजनी की घटना में मारे गए झारखंड के तीन युवकों का शव सोमवार को राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचा।
शवों के पहुंचते ही परिजन रो-रोकर बेहाल हो उठे और पूरे एयरपोर्ट परिसर में शोक का माहौल बन गया।
इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की भी एयरपोर्ट पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। परिजनों ने इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
स्थानीय प्रशासन ने भी परिजनों के साथ समन्वय कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद उनके पैतृक गांव भेजा जाएगा। गांव में भी शोक की लहर है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
ज्ञातव्य है कि इस घटना में करीब 25 लोगों की मौत हो गई थी। मरने वालों में से तीन झारखंड के थे। जिनमें रांची के लापुंग प्रखंड के फतेहपुर निवासी प्रदीप महतो (24 वर्ष) और उनके भाई विनोद महतो (22 वर्ष), (पिता-धनेश्वर महतो) शामिल हैं. जबकि खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड गोविंदपुर निवासी मोहित मंडा (22 वर्ष), (पिता-एतवा मंडा शामिल) शामिल थे। तीनों कुक का काम करने के लिए गोवा गए हुए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित