गोवा नाइटक्लब आग : दो आरोपी थाईलैंड भागे एक और गिरफ्तारपणजी/नयी दिल्ली , दिसंबर 08 -- गोवा में अरपोरा के नाइटक्लब में लगी भीषण आग के दो आरोपी थाईलैंड भाग गए हैं, जबकि इस घटना के सिलसिले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
जांचकर्ताओं ने दावा किया कि दोनों आरोपी - सौरभ और गौरव लूथरा - घटना के तुरंत बाद देश छोड़कर भाग गए।पुलिस को पता चला कि दोनों रविवार तड़के आसपास आग लगने के तुरंत बाद थाईलैंड के फुकेट के लिए फ्लाइट में सवार हो गए थे। उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया है। सुरक्षा बल भागे हुए आरोपियों का पता लगाने और उन्हें देश वापस लाने के लिए सीबीआई के इंटरपोल डिवीजन के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।
इस बीच नाइटक्लब 'बर्च बाय रोमियो लेन' में हुई इस भयानक घटना के सिलसिले में दिल्ली से पांचवें व्यक्ति भरत कोहली को गिरफ्तार किया गया है। उसे अदालत ने ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया है तथा उसे पूछताछ के लिए गोवा लाया जा रहा है।
गौरतलब है कि 6-7 दिसंबर की आधी रात को लगी आग की घटना में 25 लोगों की मौत हो गयी और जान चली गई और और 50 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं। मृतकों में ज्यादातर होटल के कर्मचारी थे। शुरुआती जांच के नतीजों से पता चलता है कि आग सिलेंडर फटने से लगी थी, और ज्यादातर पीड़ितों की मौत घने धुएं से दम घुटने से हुई।
पुलिस ने बताया कि सभी मृतकों का पोस्टमार्टम पूरा हो गया है और शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित