रांची , दिसंबर 07 -- गोवा के अरपोरा स्थित एक रेस्टोरेंट-कम-क्लब में बीती रात लगी भीषण आग की घटना में 25 लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन झारखंड लोग भी शामिल थे।
मृतकों में रांची जिले के लापुंग प्रखंड के फतेहपुर गांव के दो सगे भाई-प्रदीप महतो (24) और विनोद महतो (22), पिता-धनेश्वर महतो-शामिल हैं। वहीं खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड के गोविंदपुर गांव के रहने वाले मोहित मंडा (22), पिता-एतवा मंडा की भी इस हादसे में जान चली गई। तीनों कुछ महीने पहले ही कुक का काम करने गोवा गए थे।
हादसा बीती रात करीब आधी रात के आसपास हुआ, जब क्लब में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक कई लोग अंदर फंस चुके थे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि रात भर बचाव अभियान चलता रहा।
मृतकों के परिजन गहरे सदमे में हैं। मृतक भाइयों के चाचा नारायण माथुर ने बताया, "वे दोनों मेरे भतीजे थे। रेस्टोरेंट के किचन में काम करते थे। आज सुबह इसकी जानकारी मिली। हादसे में एक पड़ोसी युवक (मोहित मंडा) की भी मौत हो गई। हम सभी झारखंड के हैं। कुछ महीने पहले ही ये लोग काम करने यहां आए थे।"इस भयावह घटना पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दुख व्यक्त किया है। वहीं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए मरांग बुरु से प्रार्थना की और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।
झारखंड के तीन युवकों की मौत से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित