मथुरा , मार्च 17 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 से 21 मार्च तक तीन दिवसीय दौरे पर मथुरा आ रही हैं। इस दौरान वह वृंदावन और गोवर्धन में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगी। राष्ट्रपति के इस दौरे की तैयारियों में प्रशासन और पुलिस के अधिकारी दिन-रात जुटे हुए हैं। गोवर्धन में राष्ट्रपति के कार्यक्रमों की व्यवस्था की जिम्मेदारी उपजिलाधिकारी प्राजक्ता त्रिपाठी के कंधों पर है।

राष्ट्रपति वृंदावन में प्रेम मंदिर तथा इस्कॉन मंदिर सहित कई स्थानों पर दर्शन और कार्यक्रमों में भाग लेंगी। गोवर्धन में राष्ट्रपति का यह पहला दौरा होगा, इसलिए प्रशासन विशेष सतर्कता और तैयारी कर रहा है।

उपजिलाधिकारी प्राजक्ता त्रिपाठी मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के सेलखा गांव की रहने वाली हैं, जबकि उनका परिवार प्रयागराज में रहता है। उनके पिता सुरेश चंद्र त्रिपाठी केंद्रीय विद्यालय में शिक्षक रहे हैं और अरुणाचल प्रदेश से सेवानिवृत्त हुए हैं। प्राजक्ता त्रिपाठी ने वर्ष 2022 में संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में आठवीं रैंक प्राप्त की थी और वर्तमान में गोवर्धन में उपजिलाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।

इससे पहले वर्ष 2016 में उनका चयन इंटेलीजेंस ब्यूरो में हुआ था और वह दिल्ली में तैनात रहीं। नौकरी के साथ ही उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और दूसरे प्रयास में सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की। 21 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गोवर्धन में गोवर्धन परिक्रमा कर गिरिराज महाराज के दर्शन करेंगी। इस कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी उपजिलाधिकारी प्राजक्ता त्रिपाठी निभा रही हैं। वह स्वयं परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करा रही हैं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों तथा नागरिकों के साथ लगातार बैठकें कर सहयोग की अपील कर रही हैं।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर गोवर्धन के प्रमुख मंदिरों दानघाटी मंदिर और मुखारविंद मंदिर सहित अन्य मंदिरों में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मंदिरों में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और सजावट का कार्य चल रहा है। राष्ट्रपति गिरिराज महाराज की विशेष पूजा-अर्चना करेंगी, जिसके लिए विशेष जल, पुष्प और पूजा सामग्री की व्यवस्था की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित