भोपाल , अक्टूबर 21 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गोवर्धन और गौवंश की पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह पर्यावरण और पशुधन संवर्धन का संदेश देने वाला पर्व है। यह प्रकृति, पर्यावरण और जीवों के प्रति कृतज्ञता और सामंजस्य का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में कहा कि गोवर्धन पूजा वास्तव में प्रकृति संरक्षण का उत्सव है। सनातन संस्कृति की प्रत्येक परंपरा में प्रकृति के प्रति आदर और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निहित है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति ने हमें हर दाता स्वरूप के प्रति आभार व्यक्त करना सिखाया है।
डॉ. यादव ने कहा कि गौमाता सनातन संस्कृति की आत्मा हैं। उनके दूध, गोबर और गौमूत्र की महत्ता अब वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित हो चुकी है। उन्होंने बताया कि विश्व अब प्राकृतिक और जैविक खेती की ओर लौट रहा है। मध्यप्रदेश सरकार भी पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित कर प्रदेश को देश का प्रमुख दुग्ध उत्पादक राज्य बनाने के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश देश के दुग्ध उत्पादन में नौ प्रतिशत का योगदान दे रहा है, जिसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि गौशालाओं को मिलने वाली राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति गौवंश की गई है। गौशालाओं में दूध, गोबर और गौमूत्र की उपलब्धता बढ़ाने की भी व्यवस्था की जा रही है।
डॉ. यादव ने समाज से भी गौवंश संरक्षण में सहयोग करने की अपील की और कहा कि गौपालन करने वालों को राज्य सरकार हर संभव सहायता देगी। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने में पशुपालन की महत्वपूर्ण भूमिका है और गौवंश संरक्षण सनातन संस्कृति की धारा को सशक्त करने में सहायक होगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोवर्धन पूजा की और गौवंश की सेवा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया। उन्होंने दुग्ध एवं जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
कार्यक्रम में पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल, खेल मंत्री विश्वास सारंग, मंत्री कृष्णा गौर, महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, विष्णु खत्री और संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी सहित बड़ी संख्या में नागरिक और पशुपालक उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित