सागर , अप्रैल 30 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के गोपालगंज थाना क्षेत्र में गोवंश चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार फरियादी आशीष दुबे, जो गौ रक्षा दल के कार्यकर्ता हैं, ने वायरल वीडियो के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वीडियो में एकता कॉलोनी क्षेत्र से एक लाल बछड़े को ऑटो में भरकर चोरी करते हुए संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहे थे।
घटना के खुलासे के लिए गोपालगंज पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें पीले-काले रंग के एक ऑटो की पहचान हुई, जिस पर हरे रंग का स्टिकर लगा था। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार आरोपियों में कासिम कुरैशी, शाहरुख कुरैशी और चाँद उर्फ दिलावर कुरैशी शामिल हैं। तीनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें 12 मई 2026 तक न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित