गोरखपुर , जनवरी 26 -- कारोबार और जीवन सुगमता के लिहाज से गोरखपुर में योगी सरकार द्वारा विकास कार्यों की तैयार कराई गई शृंखला में जल्द ही मल्टीलेवल पार्किंग एवं कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का गोरखपुर के लोगो को उपहार मिलेगा।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र घंटाघर में आमजन के लिए सुगम आवागमन और व्यापारियों की सहज कारोबारी गतिविधियों को संचालित करने के लिए शहीद बंधु सिंह पार्क में मल्टीलेवल पार्किंग एवं कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। स्वातंत्र्य समर के अमर बलिदानी बंधु सिंह की स्मृति को समर्पित यह मल्टीलेवल पार्किंग व कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स अगले माह (फरवरी) के अंत तक बनकर तैयार हो जाएगा। यह गोरखपुर शहर की दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग होगी।

मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण से घंटाघर, माया बाजार, हिंदी बाजार आदि प्रमुख बाजारों में पार्किंग की समस्या दूर होगी। साथ ही, यहां लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी । गोरखपुर का घंटाघर क्षेत्र अर्से से पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख कारोबारी इलाकों में शुमार है। यहां न केवल गोरखपुर बल्कि आसपास के अन्य जिलों, बिहार और नेपाल के सीमाई इलाकों के लोग और कारोबारी खरीदारी करने आते हैं। पुरानी बसावट होने के कारण इस क्षेत्र की सड़कें ट्रैफिक लोड के हिसाब से संकरी थीं। हालांकि, धर्मशाला बाजार से पाण्डेयहाता तक विरासत गलियारा का निर्माण पूर्ण होने के बाद सड़कें चौड़ी हो जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित