गोरखपुर दो अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के खोराबार क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर के समीप राप्ती नदी में बुधवार देर शाम डूबे चार किशोरों का हादसे के 15 घंटे बाद भी पता नहीं चल सका है।

पुलिस ने बताया कि हालात की गंभीरता को देखते हुए 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीम को आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर तैनात कर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया जो लगातार जारी रहा। पुलिस के अनुसार लापता बच्चों में बीरू उर्फ अमन राजभर (15),अपकेत यादव (13), विवेक निषाद (15) और गगन पासवान (15) शामिल हैं। सभी किशोर आसपास के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं और घटना के समय एक साथ मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि बुध्दवार शाम करीब सात बजे घटना की सूचना उपजिलाधिकारी सदर दीपक गुप्ता द्वारा इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को दी गई। इसके बाद आपदा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एनडीआरएफ की आरआरसी 11वीं वाहिनी चारगांवा और वाराणसी मुख्यालय से संपर्क कर रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा। टीम ने पहुंचते ही स्थानीय गोताखोरों और पुलिस के सहयोग से तलाशी अभियान तेज कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी दीपक मीणा भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित