गोरखपुर , मार्च 27 -- गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार दोपहर में श्रीरामनवमी के महापर्व पर विधि विधान से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया।

योगी ने प्रभु श्रीराम का पूजन किया, आरती उतारी और भगवान के बालस्वरूप रामलला को पालने में झूला झुलाकर लोकमंगल की प्रार्थना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर प्रभु श्रीराम के भजनों से गुंजायमान रहा।

वासंतिक ;चैत्र नवरात्र की नवमी तिथि पर शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन का अनुष्ठान पूर्ण करने के बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर स्थित रामदरबार पहुंचे। यहां प्रतिष्ठित विग्रहों का पूजन किया और आरती उतारी। यहां प्रभु राम के बालस्वरूप को फूलों से सजे पालने में विराजित कराया गया था। दोपहर के बारह बजते ही उन्होंने पालने में विराजमान रामलला की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा अर्चना की। प्रभु के विग्रह को तिलक लगाने और माल्यार्पण करने के बाद आरती उतारी। पूजन का अनुष्ठान पूर्ण करने के साथ मुख्यमंत्री योगी ने बाल स्वरूप भगवान को श्रद्धाभाव से पालने में झुलाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित