रोटोरुआ (न्यूजीलैंड) , नवंबर 06 -- केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने न्यूजीलैंड की अपनी आधिकारिक यात्रा के दूसरे दिन भारत और न्यूजीलैंड के बीच व्यापार, निवेश, संपर्क और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करने के उद्देश्य से कई उच्च-स्तरीय बैठकें की हैं।

श्री गोयल ने यहां न्यूजीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैकक्ले के साथ भारत-न्यूजीलैंड सीईओ गोलमेज सम्मेलन की सह-अध्यक्षता की, जिसमें दोनों देशों के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिनिधि मौजूद थे।

उन्होंने भारत के तेजी से बदलते आर्थिक परिदृश्य का उल्लेख किया और प्रौद्योगिकी, कृषि, शिक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, पर्यटन और स्थिरता में सहयोग की संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने भारतीय मूल के व्यापारिक दिग्गजों की मजबूत भागीदारी का स्वागत किया और न्यूजीलैंड के उद्योग जगत को पारस्परिक विकास के लिए भारत के साथ गहरी साझेदारी की संभावनाएं तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया।

इससे पहले रोटोरुआ जाते समय श्री गोयल ने एयर न्यूजीलैंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निखिल रविशंकर से मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक संपर्क बढ़ाने में एयरलाइंस की भूमिका पर चर्चा की। केंद्रीय मंत्री ने भारत के तेजी से बढ़ते विमानन क्षेत्र का उल्लेख करते हुये हवाई सेवाओं एवं पर्यटन में सहयोग को मजबूत करने के अवसरों को रेखांकित किया। रोटोरुआ पहुंचने पर वहां की मेयर तानिया टैपसेल ने उनका स्वागत किया।

श्री गोयल ने शहर की अनूठी प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि द्विपक्षीय सहयोग से व्यापार और पर्यटन संबंधों को बढ़ावा मिलेगा। माओरी संस्कृति और कला के राष्ट्रीय केंद्र ते पुइया में श्री मैकक्ले की उपस्थिति में श्री गोयल का पारंपरिक माओरी स्वागत किया गया। इस समारोह ने दोनों देशों के बीच गर्मजोशी और पारस्परिक सम्मान को दर्शाया।

श्री गोयल ने माओरी समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की सराहना की और माओरी मूल्यों और भारत के अपने सभ्यतागत लोकाचार, विशेष रूप से प्रकृति और समुदाय के प्रति सम्मान जैसी समानता का उल्लेख किया। उन्होंने श्री मैकक्ले के गृहनगर रोटोरुआ में भव्य आतिथ्य के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित