बोकारो , अक्टूबर 07 -- झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड की पलिहारी गुरुडीह पंचायत की मुखिया सपना कुमारी के अचानक गायब होने की गुत्थी सुलझा ली गई है।

पारिवारिक विवाद से परेशान होकर वह 02 अक्टूबर को घर छोड़कर रांची चली गई थीं, जहां उन्होंने अपनी महिला मित्र के पास शरण ली थी। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बरामद कर स्थानीय न्यायालय में बयान दर्ज कराया है।

बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बी.एन. सिंह ने आज बताया कि सपना कुमारी के गायब होने की सूचना मिलते ही मामला गंभीरता से लिया गया। जांच में यह बात सामने आई कि घर में कार्य और जिम्मेदारियों को लेकर उनका पारिवारिक विवाद चलता रहा। जनप्रतिनिधि होने के नाते घर के कामकाज को लेकर अक्सर कहासुनी होती थी, जिससे मानसिक दबाव बढ़ गया। इसी वजह से उन्होंने अचानक घर छोड़ने का निर्णय लिया।

पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने मामले के समाधान और मुखिया की बरामदगी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने लगातार सुराग जुटाए और रांची में तलाश कर सपना को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद उन्हें बोकारो लाया गया और कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय में बयान दर्ज कराया गया।

अधिकारियों ने बताया कि महिला जनप्रतिनिधियों को सामाजिक और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने में अक्सर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सपना कुमारी का मामला भी ऐसे ही दबाव का परिणाम है, जिसमें वे अपने मित्र के पास जाकर कुछ समय के लिए दूरी बनाना चाहती थीं।

पुलिस सूत्रों ने स्पष्ट किया कि घटना में किसी तरह की आपराधिक गतिविधि नहीं पाई गई और अब सपना कुमारी सुरक्षित हैं। ग्रामीणों ने उनके घर लौटने पर राहत की सांस ली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित