गोपालगंज,18मार्च(वार्ता)बिहार में गोपालगंज जिले के मांझा थाना क्षेत्र के देवापुर जाफर टोला गांव में बुधवार को एक तालाब में डूबने से दो किशोर लडकों की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मृतकों में देवापुर जाफर टोला निवासी सुखदेव शर्मा का 12 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार और नगर थाना के सरेया वार्ड संख्या पांच निवासी नागेंद्र शर्मा का पुत्र 10 वर्षीय पुत्र करण कुमार शामिल है।करण कुमार अपनी बहन के घर रहकर पढ़ाई करता था।
घटना के समय दोनों किशोर रोज की तरह स्कूल से पढ़ाई कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गांव के तालाब में नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने के कारण डूब गए।
इसके बाद घटना स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी ।
घटना की सूचना मिलते ही मांझा थानाध्यक्ष निरंजन कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।वहीं, स्थानीय मुखिया मोजिबुल हक तथा सामाजिक कार्यकर्ता शाह आलम सहित कई लोगों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित