गोपालगंज, जनवरी 14 -- बिहार में गोपालगंज जिले के डुमरियाघाट के समीप नारायणी नदी के तट पर बुधवार को नारायणी महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ जिला प्रशासन और कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की तरफ से संयुक्त रूप से हुआ।
महोत्सव का उद्घाटन आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री नारायण प्रसाद, बैकुंठपुर के विधायक मिथलेश तिवारी, विधायक सुभाष सिंह तथा जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह में जिले की सांस्कृतिक पहचान और लोकपरंपराओं की झलक देखने को मिली। इस अवसर पर मंच से अतिथियों ने नारायणी महोत्सव को जिले की सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए कहा कि यह आयोजन स्थानीय कलाकारों को मंच देने के साथ-साथ जिले के पर्यटन और सांस्कृतिक विकास को नई दिशा देता है।
महोत्सव की मुख्य सांस्कृतिक प्रस्तुति में भोजपुरी जगत के लोकप्रिय गायक रितेश पांडेय (रॉक स्टार) ने अपने शानदार कार्यक्रम से उपस्थित दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके लोकप्रिय गीतों पर हजारों दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित