गोपालगंज , फरवरी 27 -- बिहार के गोपालगंज जिले में पिछले छह दिनों से चल रहे बिहार पुलिस सप्ताह 2026 का शुक्रवार को समापन हुआ।

समापन के अवसर पर शहर के डीएवी उत्तर माध्यमिक विद्यालय के बालिका खंड में गोपालगंज पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, बाल विवाह और कानूनी अधिकारों से जुड़ी अहम जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस उपाधीक्षक सुबोध कुमार ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है, लेकिन कई अपराधों की रोकथाम में आमजन की भागीदारी बेहद जरूरी है।उन्होंने कहा कि साइबर फ्रॉड जैसे अपराधों से बचाव के लिए पहले से सतर्क और जागरूक रहना आवश्यक है. छात्राएं स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी सचेत करें।

पुलिस सप्ताह के अंतर्गत गोपालगंज पुलिस द्वारा पब्लिक-पुलिस दौड़, नशा मुक्ति अभियान, स्वच्छता अभियान और रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। समापन के दिन रक्तदान करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित