गोपालगंज , अप्रैल 24 -- बिहार में गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र में अपराधियों ने शुक्रवार को ज्चेलरी दुकान में लूटपाट करने के बाद फरार होने के क्रम में गोलीबारी की, जिससे एक राहगीर की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि लाला छापर गांव में अपराधियों ने 'दीपक ज्वेलर्स' में लूट की घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने फरार होने के क्रम में उनका पीछा कर रहे ग्रामीणों पर गोलियां चलाई। गोली लगने से राहगीर डबलू मिश्र (40) की मौके पर ही मौत हो गयी। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने एक अपराधी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की और उसकी बाइक में आग लगा दी।दूसरे अपराधी को पुलिस की मदद से मठिया गांव के पास पकड़ा गया है। वह भी ग्रामीणों की पिटाई से घायल हो गया है।
सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद हथुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आनंद मोहन गुप्ता सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से एक रिवॉल्वर बरामद की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित