पटना , मार्च 02 -- बिहार ग्रामीण कार्य विभाग ने नाबार्ड राज्य योजना के तहत गोपालगंज के सिधवलिया प्रखंड के बखरौल कुर्मी टोला पथ पर घोघरी नदी के ऊपर निर्माणाधीन आरसीसी पुल की ढ़लाई के दौरान एक स्पैन के क्षतिग्रस्त होने की घटना के मामले में गोपालगंज कार्य प्रमंडल-2 के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता को कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इस पुल के निर्माण कार्य में लगे संवेदक बापूधाम कंस्ट्रक्शन, मोतिहारी के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। घोघरी नदी पर बन रहे इस आरसीसी पुल का एल-041 से लेकर एल-039 का एक हिस्सा ढ़लाई के दौरान ही गिर गया। हालांकि इस दुर्घटना में किसी भी तरह की जानमाल की हानि की सूचना नहीं हैग्रामीण कार्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार विभाग की ओर से मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, नोडल पदाधिकारी के साथ विभाग के वरीय पुल सलाहकार को पुल की ढ़लाई के दौरान एक स्पैन के क्षतिग्रस्त होने की घटना के जांच के लिये घटनास्थल पर भेजा गया तथा जांच की जा रही है।
विभाग के आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सभी कार्यपालक अभियंताओं को पुल के निर्माण के पूर्व वरीय पुल सलाहकार से डीपीआर जांच करवाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन संबंधित अभियंता एवं संवेदक द्वारा विभाग के इस निर्देश का पालन नहीं किया गया और पुल की ढ़लाई के दौरान ही यह हादसा हो गया।
उल्लेखनीय है कि गोपालगंज के सिधवलिया प्रखंड के बखरौल कुर्मी टोला में घोघरी नदी पर निर्माणाधीन इस आरसीसी पुल का निर्माण कार्य पिछले वर्ष सात मार्च को शुरू किया गया था और इस पुल का निर्माण आगामी छह मार्च, 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है।
विभाग द्वारा 28 फरवरी 2026 की समीक्षात्मक बैठक में भी सभी कार्य प्रमंडलों को अपने पुल कार्यों के डीपीआर की समीक्षा पुल सलाहकार से कराने का निर्देश दोहराया गया है। वरीय पुल सलाहकारों के आंकलन एवं जाँच से न सिर्फ कार्य के मानक में गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकेगी, बल्कि इस प्रकार की घटनाएँ भी नहीं होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित