महासमुंद , फरवरी 14 -- छत्तीसगढ़ में महासमुंद जिले के सरायपाली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम जंगलबेड़ा के ग्रामीणों ने गोदावरी सोलर संयंत्र के विरोध में एसडीएम कार्यालय के बाहर कल देर रात तक धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन शाम करीब चार बजे शुरू हुआ, जो रात तीन बजे के बाद तक जारी रहा। इस दौरान ग्रामीणों ने कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों का आरोप है कि गोदावरी कंपनी द्वारा बिना पंचायत प्रस्ताव के सोलर संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। साथ ही अवैध रूप से पेड़ों की कटाई किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जब तक सोलर संयंत्र की स्थापना की प्रक्रिया पर रोक नहीं लगाई जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन को सरायपाली की कांग्रेस विधायक चातुरी नंद का भी समर्थन मिला। वे भी देर रात तक एसडीएम कार्यालय में ग्रामीणों के साथ मौजूद रहीं। विधायक ने कहा कि स्थानीय जनता की सहमति के बिना किसी भी परियोजना को लागू नहीं किया जाना चाहिए। जब तक ग्रामीणों की मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।

दो दिन की शासकीय छुट्टी के कारण फिलहाल प्रदर्शन स्थगित किया गया है, लेकिन ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि सोमवार को पुनः धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित