गोड्डा , दिसम्बर 18 -- बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद तस्कर लगातार नए-नए हथकंडे अपनाकर अवैध शराब के कारोबार को अंजाम दे रहे हैं।
नववर्ष के मौके पर जश्न और शराब पार्टियों की तैयारियों को नाकाम करने के उद्देश्य से गोड्डा पुलिस उपाधीक्षक जेपीएन चौघरी और उत्पाद विभाग पूरी तरह से सक्रिय है। इसी कड़ी में उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पथरगामा थाना क्षेत्र के चिलकारा गांव के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान एक बोलेरो वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई। वाहन में सवार तीन तस्कर पप्पू यादव, विकास कुमार और ब्रजेश कुमार, सभी भागलपुर जिले के निवासी, को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार तस्करों ने खुलासा किया कि एक अन्य वाहन भी नकली शराब की खेप लेकर बेगूसराय की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की टीम ने महागामा थाना क्षेत्र के महादेव बथान के पास घेराबंदी कर दूसरे वाहन को पकड़ लिया।
वाहन चालक ने अपना नाम रॉकी कुमार, बेगूसराय का रहने वाला बताया। दोनों वाहनों की विधिवत तलाशी के बाद कुल 500 बोतल,अवैध शराब बरामद की गई। इस मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
उत्पाद निरीक्षक ने बताया कि बरामद शराब की बोतलों पर झारखंड सरकार का सील लगा हुआ था, जबकि स्टीकर पर पश्चिम बंगाल अंकित था। आशंका जताई जा रही है कि नववर्ष के अवसर पर महंगे दामों पर शराब बेचने के उद्देश्य से इस नकली शराब की खेप बिहार भेजी जा रही थी। कुछ दिन पूर्व भी गोड्डा नगर थाना पुलिस ने नकली शराब की बड़ी खेप बरामद की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित