श्रीगंगानगर , फरवरी 04 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के गोगामेडी थाना क्षेत्र में रामगढ़-गोगामेडी मार्ग पर स्थित एक प्रमुख कॉटन फैक्ट्री में पिछले एक महीने के दौरान 253 क्विंटल कपास की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि यह फैक्ट्री भारतीय कपास निगम (सीसीआई) की सरकारी खरीद के लिए अधिकृत केंद्र के रूप में कार्यरत है। चोरी का खुलासा तब हुआ जब फैक्ट्री में रखे स्टॉक का सत्यापन किया गया, जिसमें 253 क्विंटल नरमा कम पाया गया। घटना की शुरुआत दिसंबर 2025 से मानी जा रही है।

थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 10 दिसंबर से आठ जनवरी के बीच फैक्ट्री से कई बार नरमा चुराया गया, जो कुल मिलाकर 253 क्विंटल की मात्रा में है। फैक्ट्री के प्रबंधन को इस चोरी का पता नहीं चला, क्योंकि चोरों ने बेहद चालाकी से काम किया। चोरी में एक पिकअप वाहन का इस्तेमाल किया गया, जिसके नंबर पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। पुलिस अब इस वाहन की तलाश में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित