कोंडागांव , अप्रैल 10 -- त्तीसगढ में कोकोडी क्षेत्र के गोकाड़भांटा जंगल के पास एक दंपत्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसमें पति द्वारा पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटनास्थल से ऐसे संकेत मिले हैं, जो इस आशंका की पुष्टि करते हैं।
थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 09 अप्रैल दोपहर लगभग 2 बजे की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान धनेश्वर नेताम (35) और उसकी पत्नी सुबती नेताम (37) निवासी धरशली पारा, करंजी कोकोडी के रूप में हुई है। दोनों 09 अप्रैल को बनियागांव स्थित रिश्तेदार के घर गए थे और लौटते समय गोकाड़भांटा जंगल के पास यह घटना हुई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जंगल के पास धनेश्वर नेताम ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 10 अप्रैल सुबह तक जब दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ खोजबीन शुरू की, जिसके दौरान जंगल में दोनों के शव बरामद किए गए।
पुलिस के ही मुताबिक, ग्राम कोटवार की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से दो शव बरामद हुए हैं और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मृतक के बेटे गगन नेताम ने पुलिस को बताया कि उसके पिता की मानसिक स्थिति पिछले कुछ महीनों से ठीक नहीं थी और उन्होंने पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था।
पुलिस का कहना है कि मौके की परिस्थितियां और परिजनों के बयान एक-दूसरे से मेल खाते प्रतीत हो रहे हैं, हालांकि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित