हरिद्वार , मार्च 19 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में रुड़की के गंगनहर कोतवाली पुलिस ने गोकशी के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में गोकशी एवं अवैध पशु तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आठ मार्च को माधोपुर (सालियर क्षेत्र) स्थित एक घर में छापेमारी कर दो आरोपियों को करीब 110 किलोग्राम गोमांस एवं उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया गया था, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया था। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।

फरार आरोपी की तलाश में गंगनहर पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी कड़ी में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गयूर पुत्र हसन (50), निवासी माधोपुर, रुड़की को नहर पटरी स्थित कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि गोकशी और गौ तस्करी जैसे अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित