बिलासपुर , मार्च 19 -- छत्तीसगढ़ में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत गोंदिया रेलवे स्टेशन पर व्यापक ट्रैक सुधार कार्य के चलते 5 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक 20 दिनों का मेगा ब्लॉक लिया गया है। इस अवधि में कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
रेल प्रशासन के अनुसार प्लेटफॉर्म नंबर-3 (लाइन नंबर-05) पर स्थित वॉशेबल एप्रन को हटाकर बैलेस्टेड ट्रैक में परिवर्तित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य के कारण कई प्रमुख ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में पूर्णतः रद्द किया गया है।
रद्द होने वाली प्रमुख ट्रेनों में शालीमार-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (कोरबा-अमृतसर), गोंडवाना एक्सप्रेस (हजरत निजामुद्दीन-रायगढ़) तथा विशाखापत्तनम-निजामुद्दीन एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अतिरिक्त स्थानीय स्तर पर संचालित मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को भी अस्थायी रूप से निरस्त किया गया है।
वहीं कुछ ट्रेनों के संचालन में आंशिक परिवर्तन किया गया है। गोंदिया से चलने वाली कई पैसेंजर ट्रेनें अब हिरदामाली स्टेशन तक ही संचालित होंगी, जबकि गोंदिया तक का हिस्सा रद्द रहेगा। बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस को दुर्ग स्टेशन तक सीमित कर दिया गया है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य ट्रेनों की गति बढ़ाने, सुरक्षा को सुदृढ़ करने और परिचालन को अधिक सुचारू बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित