लखनऊ/गोंडा , जनवरी 22 -- उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बुधवार देर रात गोंडा के थाना परसपुर क्षेत्र से 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश और गैंगस्टर एक्ट में वांछित मलखान सिंह को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मलखान सिंह थाना परसपुर, जनपद गोंडा के रूप में हुई है। एसटीएफ के मुताबिक आरोपी धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट में वांछित था। उस पर घोषित 50,000 का इनाम भी इसी मामले में था।

एसटीएफ के अनुसार, टीम को इनपुट मिला था कि इनामी अपराधी परसपुर इलाके में मौजूद है और किसी वारदात की फिराक में है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी की और मरचौर मोड़, ग्राम हरिदहा टावर के पास से आरोपी को दबोच लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित