रायसेन , अप्रैल 01 -- मध्यप्रदेश के रायसेन-सागर मार्ग स्थित एक गैस एजेंसी पर आज बुधवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब बड़ी संख्या में पहुंचे उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिला। नाराज लोगों ने विरोध जताते हुए सड़क पर चक्का जाम कर दिया, जिससे करीब 20 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा।
चक्का जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने 5 से 6 दिन पहले गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, लेकिन समय पर डिलीवरी नहीं होने के कारण उन्हें एजेंसी पहुंचना पड़ा, जहां भी सिलेंडर नहीं मिला।
बताया गया है कि एजेंसी पर करीब 200 उपभोक्ता सिलेंडर लेने पहुंचे थे, जिससे अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई और लोगों का आक्रोश बढ़ गया। सूचना मिलते ही तहसीलदार और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने समझाइश देकर चक्का जाम समाप्त कराया और स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर की देर से आपूर्ति और अव्यवस्था की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे उपभोक्ताओं को बार-बार परेशानी उठानी पड़ रही है। समय पर आपूर्ति नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित