प्रतापगढ़ , अप्रैल 6 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में उप नेता प्रतिपक्ष प्रमोद तिवारी ने सोमवार को मोदी सरकार की विदेश और आर्थिक नीतियों पर निशाना साधते हुए देश में गैस संकट की स्थिति के लिए इन्हें जिम्मेदार ठहराया।
श्री तिवारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पूर्व की सरकारों ने ईरान, इराक और खाड़ी देशों से बेहतर संबंध बनाए रखे, जिससे भारत को सस्ते दाम पर कच्चा तेल और गैस मिलती थी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार के दावे के अनुसार गैस की आपूर्ति सामान्य है, तो गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें और ब्लैक में बिक्री क्यों हो रही है।
उन्होंने पेट्रोल पंपों पर केरोसिन तेल बेचने के प्रस्ताव का भी विरोध करते हुए कहा कि इससे आम लोगों को परेशानी होगी और मिलावट की आशंका बढ़ेगी। तिवारी ने सुझाव दिया कि पहले की तरह सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन दुकानों) के माध्यम से केरोसिन उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा उन्होंने हाल ही में आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि से रबी फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए सरकार से सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने और बिजली बिल समेत अन्य वसूली पर रोक लगाने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित