पटना , अप्रैल 11 -- िहार में बंद चीनी मिलों को पुनः चालू करने के साथ ही 25 नई चीनी मिलों की स्थापना एवं बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन योजना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गन्ना उद्योग विभाग ने गन्ना फसल क्षेत्र विस्तार योजना शुरू की गई है, जिससे गैर चीनी मिल क्षेत्रों में गन्ना खेती को बढ़ाया जा सके।

राज्य सरकार बंद चीनी मिलों को चालू करने के साथ-साथ बिहार के 25 जिलों में नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए प्रयासरत है। इसके अतिरिक्त, जहां चीनी मिलें नहीं हैं, वहां गुड़ उद्योग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिये गन्ना उद्योग विभाग की ओर से बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।

विभाग के अनुसार नई चीनी मिलों की स्थापना एवं गुड़ उद्योग को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से गन्ना खेती के विस्तार का कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिससे राज्य के किसान गन्ना खेती को अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकें। इस योजना के अंतर्गत राज्य के गैर चीनी मिल क्षेत्रों में अब तक 468.93 एकड़ में गन्ने की खेती की जा चुकी है। इसमें भागलपुर, भोजपुर, दरभंगा, गया, जमुई, मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्णिया, सहरसा एवं सीतामढ़ी जिले शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित